रैली के बाद सियासी बयानबाज़ी तेज, बीजेपी ने कांग्रेस पर किया तीखा हमला

दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। रैली में लगाए गए नारों को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर पलटवार किया और नेहरू परिवार की तुलना मुगल शासकों से करते हुए राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाए गए, जो बेहद निंदनीय हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाज़ी कांग्रेस की राजनीतिक सोच और दिशा को दर्शाती है।
सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी की तुलना मुगल शासक औरंगजेब से करते हुए दावा किया कि जिस तरह छठी पीढ़ी के शासन के बाद मुगल साम्राज्य का पतन हुआ, उसी तरह राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का भविष्य भी समाप्ति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नेहरू परिवार की कई पीढ़ियों ने कांग्रेस पर शासन किया है और अब पार्टी उसी मोड़ पर खड़ी है, जहां से उसका राजनीतिक अस्तित्व कमजोर होता दिख रहा है।
बीजेपी प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार प्रधानमंत्री और उनके परिवार को निशाना बनाती रही है और इस तरह की भाषा देश की लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयानों से कांग्रेस खुद को इतिहास के पन्नों में सीमित करने की दिशा में बढ़ा रही है।
गौरतलब है कि कांग्रेस की इस रैली में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। प्रियंका गांधी ने भी सभा को संबोधित करते हुए बैलेट पेपर से चुनाव कराने की चुनौती दी थी। रैली के बाद दोनों दलों के बीच बयानबाज़ी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।





