सरगुजा ओलंपिक पर सियासत तेज: दीपक बैज ने उठाए सवाल, सीएम विष्णु देव साय का पलटवार

रायपुर। बस्तर के बाद अब सरगुजा में हो रहे सरगुजा ओलंपिक को लेकर छत्तीसगढ़ में सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं। दीपक बैज ने आयोजन पर सवाल उठाते हुए सरकार से घोटाले न होने की गारंटी मांगी है, वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पर पलटवार किया है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने मीडिया से चर्चा में कहा कि मार्च-अप्रैल की गर्मी में सरगुजा ओलंपिक का आयोजन युवाओं के साथ अन्याय है। इस समय प्रदेश में परीक्षाएं भी चल रही हैं, ऐसे में युवा कैसे भाग लेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के पैसों से आयोजन कर रही है और बस्तर की तरह घोटाले की आशंका है, इसलिए सरकार को गारंटी देनी चाहिए कि सरगुजा ओलंपिक में कोई गड़बड़ी नहीं होगी।
वहीं सरगुजा ओलंपिक के शुभारंभ के लिए रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बैज के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि जिन्होंने पांच साल तक छत्तीसगढ़ को लूटा, उन्हें सरकार को नसीहत देने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि सरगुजा ओलंपिक में ग्रामीण प्रतिभाओं को मौका दिया जा रहा है और यह तीन दिन का संभाग स्तरीय आयोजन है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अंबिकापुर में कृषक सम्मेलन और कुदरगढ़ महोत्सव का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण शामिल होंगे। सरकार का उद्देश्य खेल और ग्रामीण प्रतिभाओं को बढ़ावा देना है।





