चाइना डोर की चपेट में फंसे कबूतर की पुलिस ने बचाई जान, वीडियो वायरल

इंदौर में चाइना डोर से हो रहे हादसों के बीच एक मानवीय पहल सामने आई है। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में चाइना डोर में फंसे एक कबूतर की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक मांझा काटकर उसकी जान बचाई। घायल कबूतर को उपचार के लिए पशु चिकित्सक के पास भेजा गया।
मकर संक्रांति के दौरान चाइना डोर के उपयोग को लेकर पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया गया था, इसके बावजूद इस खतरनाक मांझे की चपेट में आकर कई लोग घायल हुए। इंसानों के साथ-साथ परिंदों के लिए भी यह डोर जानलेवा साबित हो रही है। इसी क्रम में जूनी इंदौर क्षेत्र में कबूतर के फंसने की घटना सामने आई।
पुलिसकर्मियों द्वारा परिंदे को बचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के माध्यम से यह संदेश भी दिया जा रहा है कि चाइना डोर न केवल मानव जीवन के लिए, बल्कि पक्षियों के लिए भी गंभीर खतरा है।
मकर संक्रांति के बाद भी शहर में चाइना डोर से जुड़े मामले सामने आ रहे हैं। कई स्थानों पर परिंदे पेड़ों और पतंगों के धागों में उलझकर घायल हुए हैं। पक्षी संरक्षण से जुड़ी संस्थाएं घायलों के उपचार में जुटी हुई हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले कुछ दिन पक्षियों के लिए और अधिक खतरनाक हो सकते हैं, क्योंकि पेड़ों में फंसे पतंग और मांझे उनके लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने लोगों से अपील की है कि वे चाइना डोर का इस्तेमाल न करें और परिंदों की सुरक्षा में सहयोग करें।





