नोएडा में स्पा सेंटरों पर पुलिस का छापा, अवैध देह व्यापार का खुलासा, 24 लोग हिरासत में

नोएडा के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र में पुलिस और एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में स्पा-मसाज सेंटरों की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने तीन अलग-अलग स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर मौके से 24 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस टीम ने पूर्व योजना के तहत देर रात एक साथ तीन स्पा सेंटरों पर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान कुछ युवक-युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जिन्हें पूछताछ के लिए थाना सेक्टर-49 लाया गया। मौके से कई दस्तावेज, रजिस्टर और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अवैध नेटवर्क सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित किया जा रहा था। आरोप है कि आरोपियों द्वारा ग्राहकों को महिलाओं की तस्वीरें भेजकर स्पा सेंटरों में बुलाया जाता था और मसाज सेवाओं की आड़ में अवैध गतिविधियां कराई जाती थीं। पुलिस को मौके से डिजिटल साक्ष्य और चैट रिकॉर्ड भी मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।
इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस की निगरानी और भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और संबंधित कर्मियों की भूमिका की भी समीक्षा की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क का संचालन कौन कर रहा था और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





