पश्चिमी सिंहभूम में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, एक नक्सली ढेर, SLR राइफल बरामद

पश्चिमी सिंहभूम (झारखंड): गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सौता गांव के पास बुधवार सुबह पुलिस और सुरक्षा बलों की नक्सलियों से मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया और मौके से एक SLR राइफल बरामद हुई।
आईजी अभियान डॉ. माइकल राज ने बताया कि पुलिस और सुरक्षा बल की टीम सर्च ऑपरेशन पर थी। जैसे ही टीम सौता के जंगल-पहाड़ी इलाके में पहुंची, नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। करीब एक घंटे तक दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं।
तलाशी के दौरान एक नक्सली का शव मिला, जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ के बाद कुछ नक्सली जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले, जिनकी तलाश के लिए कांबिंग ऑपरेशन जारी है।
हाल के दिनों में पुलिस ने सारंडा और आसपास के नक्सल प्रभावित इलाकों में कई बंकर ध्वस्त किए हैं और बड़ी संख्या में आईईडी व हथियार बरामद किए हैं। इस साल झारखंड में अब तक 23 नक्सली मुठभेड़ों में मारे जा चुके हैं। अप्रैल में बोकारो के लुगू पहाड़ी इलाके में 1 करोड़ के इनामी प्रयाग मांझी समेत 8 नक्सली ढेर हुए थे।





