साइबर ठगी मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, अलग-अलग शहरों से 9 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी पुलिस को साइबर ठगी मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। रायपुर रेंज साइबर थाना पुलिस ने ठगी के 6 अलग – अलग मामलों में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को पुणे, मुंबई, नासिक, दुर्ग, महासमुंद, बिलासपुर और रायपुर से गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलग – अलग थानों में ठगी के मामले दर्ज किए गए थे। आरोपियों ने सिम स्वैपिंग, क्रिप्टो करंसी इन्वेस्टमेंट और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लोगों से करोड़ों रूपए की ठगी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके सभी खातों को होल्ड कर दिया गया है। आरोपियों के खातों से 4 करोड़ रूपए से ज्यादा की राशि को होल्ड किया गया है। वही ठगी के शिकार एक पीड़ित के खाते में 6 लाख रूपए वापस कराए गए है। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी के सभी मामलों में जांच के बाद आरोपियों के खातों से पीड़ितों को राशि वापस दिया जाएगा। इस मामले में पुलिस ने पुणे निवासी समीर थोरात, नासिक निवासी मयूरेश राजेंद्र, आकाश भालेराव, अजय तिड़के, मेराज आलम, नौशाद अंसारी, रविंदर सिंह चावला, दीपक टिलवानी और तरुण नचरानी को गिरफ्तार किया है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।





