गिरमिट गैंग के पांच आरोपित पुलिस ने किए गिरफ्तार, साढ़े सात लाख के गहने जब्त…

हरदा : पुलिस ने गिरमिट गैंग को गिरफ्तार कर साढ़े सात लाख रुपये के गहने जब्त किए हैं। गैंग के गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपित खंडवा और नर्मदापुरम जिले के रहने वाले हैं। गैंग के चार आरोपित फरार हैं।

जिले के सिराली और छीपाबड़ थाना क्षेत्र में इस इस गैंग ने दो दर्जन चोरी की बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया था। इनमें से 12 चोरियों का पुलिस ने शनिवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पर्दाफाश किया।

कई मामलों को दे चुके हैं अंजाम

एसपी अभिनव चौकसे ने बताया कि गिरमिट गैंग का सरगना राजेंद्र उर्फ फुटीम पारधी निवासी धावड़ाघाट थाना शिवपुर है। इसका साथी विनोद राठौर निवासी नांदियाखेड़ा थाना किल्लौद जिला खंडवा, अरुण राठौर निवासी धावड़ाघाट थाना शिवपुर जिला नर्मदापुरम, रामजीवन चौहान निवासी कुक्षी थाना किल्लौद और रामविलास राठौर निवासी नांदियाखेड़ा है।

21 को गिरफ्तार

आरोपित इसी माह की 21 तारीख की रात गहाल गांव के सरकारी स्कूल के पास अपराध की योजना बनाते गिरफ्तार किए गए थे। उनके पास से देसी कट्टा, लकड़ी के दरवाजे में छेद करने वाली गिरमिट, टामी, सब्बल, पिंचिस, रस्सी आदि सामग्री मिली थी।

सिराली क्षेत्र के जात्राखेड़ी, भगवानपुर, महेंद्रगांव, दीपगांव कलां, नहाली, रोलगांव में चोरी की लगातार बड़ी घटनाएं हो रही थी। सभी चोरी की घटनाओं में घरों के लकड़ी के दरवाजों में गिरमिट से छेद करके दरवाजा खोलकर सामग्री चुराई जा रही थी।

इसी तरह की घटना छीपाबड़ थाने के गांव में भी हो रही थी। एसपी ने बताया कि पांचों आरोपितों को शनिवार न्यायालय में पेश किया जाएगा। उनकी रिमांड की मांग की जाएगी ताकि अन्य चोरियों के बारे में पूछताछ कर उनके साथियों को गिरफ्तार किया जा सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button