विपक्ष के हंगामे से लोकसभा स्थगित, पीएम मोदी का भाषण टला; राहुल गांधी पर केंद्रीय मंत्री बिट्टू का गंभीर आरोप

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के जोरदार हंगामे के बाद सदन की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। इसके चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद प्रस्ताव पर होने वाला भाषण भी टल गया है। प्रधानमंत्री को आज शाम 5 बजे सदन में चर्चा का जवाब देना था।
इससे पहले हंगामे के कारण लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को कार्यवाही पहले 12 बजे, फिर 2 बजे और उसके बाद शाम 5 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
इसी बीच केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने संसद परिसर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से की गई टिप्पणी को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी उन पर शारीरिक हमला करने वाले थे।
समाचार एजेंसी से बातचीत में रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा,
“आज तो कोई गली का गुंडा भी ऐसा नहीं करेगा जैसा राहुल गांधी ने किया। जब मैंने हाथ नहीं मिलाया, तो वह मुझ पर हमला करने ही वाले थे। केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस के दूसरे नेताओं ने राहुल गांधी को पकड़ा। अगर वे उन्हें नहीं पकड़ते तो पता नहीं क्या कुछ होता।”
उन्होंने आगे कहा,
“अगर राहुल गांधी हमला करने आते तो मेरे हाथ भी बंधे हुए नहीं होते।”
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि बहस के बाद वे सदन के अंदर चले गए थे। उन्होंने सवाल उठाया कि इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है और यह कहना कि ‘दोबारा मेरे पास ही आओगे’ क्या दर्शाता है।
रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा,
“राहुल गांधी गलतफहमी में हैं। भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे सम्मान दिया है और कांग्रेस नेताओं के सामने बैठाया है। उन्हें इस बात का दर्द है। मुझे सामने देखकर उन्हें रोज दर्द होता है। वही दर्द आज राहुल गांधी की जुबान और शारीरिक हाव-भाव में साफ दिखाई दिया।”





