PM मोदी ने एलन मस्क से की टेलीफोनिक चर्चा, तकनीक–इनोवेशन में होगी अहम साझेदारी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क को फोन किया। इस बातचीत में दोनों नेताओं ने तकनीक, इनोवेशन और भारत-अमेरिका साझेदारी जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर बताया कि उन्होंने @elonmusk से बात की है। मोदी ने लिखा, “हमने तकनीक और नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। भारत अमेरिका के साथ साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
फरवरी में हुई थी मुलाकात
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और एलन मस्क की मुलाकात फरवरी में अमेरिका में हुई थी। इस दौरान दोनों ने इलेक्ट्रिक गाड़ियों, ऊर्जा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने की संभावनाओं पर बात की थी। पीएम मोदी ने मस्क के बच्चों को भारतीय साहित्य की खास किताबें भी भेंट की थीं – जैसे रवींद्रनाथ टैगोर की The Crescent Moon, आर.के. नारायण की The Great R.K. Narayan Collection और पंचतंत्र।
गीता और नाट्यशास्त्र को मिली वैश्विक पहचान
पीएम मोदी ने एक और खुशखबरी सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने बताया कि भगवद गीता और भरतमुनि के नाट्यशास्त्र को UNESCO के Memory of the World Register में शामिल किया गया है। पीएम ने कहा, “यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। यह हमारी समृद्ध संस्कृति और शाश्वत ज्ञान की वैश्विक मान्यता है।”





