पीएम मोदी ने लेक्स फ्रिडमैन पॉडकास्ट में पाकिस्तान के साथ शांति की उम्मीद जताई

नई दिल्लीप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में प्रसिद्ध पॉडकास्टर लेक्स फ्रिडमैन के साथ करीब 3 घंटे लंबे पॉडकास्ट में पाकिस्तान के साथ भारत के संबंधों और भविष्य की संभावनाओं पर बात की। पीएम मोदी ने बताया कि भारत ने हमेशा अच्छे संबंधों की पहल की, लेकिन पाकिस्तान की तरफ से नकारात्मक प्रतिक्रिया ही मिली। उन्होंने उम्मीद जताई कि पाकिस्तान को सद्बुद्धि आएगी और वह शांति का रास्ता अपनाएगा।

पाकिस्तान के लोगों के शांति चाहने की उम्मीद

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि पाकिस्तान के लोग भी शांति चाहते हैं। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान के लोग भी संघर्ष, अशांति और निरंतर आतंक में रहते हुए थक गए होंगे, जहां मासूम बच्चे भी मारे जाते हैं और अनगिनत जिंदगियां बर्बाद हो जाती हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि आम जनता शांति और स्थिरता की इच्छा रखती है, लेकिन पाकिस्तान की सरकार की नीतियां इसमें बाधा बनती रही हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रण का जिक्र

पीएम मोदी ने अपने पहले शपथ ग्रहण समारोह की बात की, जब उन्होंने पाकिस्तान सहित सार्क देशों के सभी राष्ट्राध्यक्षों को आमंत्रित किया था। इसे एक नई और सकारात्मक शुरुआत के रूप में देखा गया था। उन्होंने कहा, “यह कूटनीतिक प्रयास था, जो कई दशकों में नहीं देखा गया। हमारे तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने अपने संस्मरण में इस ऐतिहासिक पहल को खूबसूरती से बयान किया है।”

नकारात्मक परिणामों का मिला जवाब

पीएम मोदी ने बताया कि पाकिस्तान के साथ अच्छे संबंधों की पहल का जवाब हमेशा नकारात्मक रहा। उन्होंने कहा, “हर बार अच्छे प्रयासों का परिणाम नकारात्मक निकला। लेकिन पाकिस्तान की ओर से शांति की हर कोशिश का जवाब शत्रुता और विश्वासघात से दिया गया।”

आतंकवाद और पाकिस्तान पर टिप्पणी

प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान और आतंकवाद को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि 1947 से पहले भारत में सभी धर्मों के लोग मिलकर आजादी की लड़ाई लड़े। लेकिन जब पाकिस्तान का गठन हुआ तो वहां से लगातार हिंसा और आतंकवाद की गतिविधियां चलती रहीं। उन्होंने कहा, “जब उनके लिए अलग देश मिल गया तो उन्हें सुख से जीने की इच्छा रखनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने हिंसा का रास्ता चुना। आज भी दुनिया में होने वाली अधिकतर आतंकी घटनाओं के तार कहीं न कहीं पाकिस्तान से जुड़ते हैं। 9/11 की घटना के तार भी पाकिस्तान में जाकर मिले।”

भारत की विदेश नीति का जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि भारत की विदेश नीति अब स्पष्ट और आत्मविश्वास से भरी हुई है। यह दुनिया को शांति और सद्भावना का संदेश देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा शांति की पहल की है, लेकिन उसे वांछित परिणाम नहीं मिले। फिर भी, उम्मीद है कि पाकिस्तान एक दिन शांति का मार्ग अपनाएगा।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई