PHC पर ताला, कार में महिला ने दिया बच्चे को जन्म

सूरजपुर। सूरजपुर जिले के दूरस्थ विकासखंड ओड़गी के लांजित में रविवार सुबह एक गर्भवती महिला ने असहाय स्थिति में कार में बच्चे को जन्म दिया। स्वास्थ्य सुविधाओं की कथित सजगता इस घटना में पूरी तरह विफल साबित हुई। महिला संगीता को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर पति सुखलाल उरांव बाइक से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) लांजित ले गए, लेकिन सुबह 10 बजे तक वहां ताला लटका मिला। कोई स्टाफ मौजूद नहीं था और महिला दर्द से कराह रही थी।
ग्रामीणों ने तुरंत बीएमओ ओड़गी और अधिकारियों को सूचना दी। महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी ले जाते समय कार में ही नवजात ने जन्म लिया। इसके बाद PHC में आयुर्वेदिक डॉक्टर आरके पटेल और बीएमओ डॉक्टर बंटी बैरागी ने महिला और नवजात का इलाज शुरू किया। दोनों स्वस्थ्य हैं।
इस घटना से ग्रामीणों में गहरा रोष फैल गया है और उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। लांजित PHC में नियमित डॉक्टर और कर्मचारी अनुपस्थित हैं। अस्पताल में केवल एक संविदा आयुर्वेदिक डॉक्टर, एक एनएचएम स्टाफ नर्स, एक फार्मासिस्ट, एक आयुष्मान आपरेटर और एक कार्यालय सहायक कार्यरत हैं। स्टाफ की कमी और व्यवस्थाओं की लापरवाही ने स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़ा कर दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कलेक्टर से तत्काल कार्रवाई करने को कहा। PHC के सभी स्टाफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और 24 घंटे में जवाब तलब किया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है और यह घटना राज्य सरकार द्वारा प्रचारित स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति उजागर कर रही है। ग्रामीण और समाजिक संगठनों की नजर अब इस मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर है।





