रायपुर की मल्टीलेवल पार्किंग में पेट्रोल और पार्ट्स चोरी, CCTV में कैद हुए आरोपी

राजधानी रायपुर की मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ी गाड़ियां इन दिनों चोरों के निशाने पर हैं। देर रात अज्ञात युवक पार्किंग में घुसकर दोपहिया वाहनों से पेट्रोल निकालने के साथ ही महंगे स्पेयर पार्ट्स भी चोरी कर रहे हैं। पूरी घटना पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पार्किंग संचालक और वाहन मालिकों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध युवकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि देर रात कुछ युवक बाइक और स्कूटी से पार्किंग के अंदर प्रवेश करते हैं। वे सुरक्षा गार्डों की नजर से बचकर उन जगहों पर पहुंचते हैं जहां रोशनी कम होती है। इसके बाद आरोपी दोपहिया वाहनों की पेट्रोल पाइप निकालकर बोतलों में पेट्रोल भरते नजर आते हैं और कुछ ही मिनटों में वाहन की टंकी खाली कर देते हैं।
वाहन मालिकों का कहना है कि चोर केवल पेट्रोल ही नहीं चुरा रहे, बल्कि गाड़ियों के साइड मिरर, क्लच लीवर और अन्य छोटे लेकिन महंगे स्पेयर पार्ट्स भी निकालकर ले जा रहे हैं। सुबह जब लोग अपने काम पर जाने के लिए वाहन लेने पहुंचते हैं तो गाड़ी स्टार्ट नहीं होती और तब चोरी का पता चलता है।
इस घटना के बाद पार्किंग प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। वीआईपी इलाके में स्थित इस सरकारी पार्किंग में सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद चोर बेखौफ वारदात को अंजाम दे रहे हैं। वाहन मालिकों ने पुलिस और पार्किंग प्रबंधन से सख्त कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।





