करोड़ों की पार्किंग, फिर भी बदहाल व्यवस्था: बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री परेशान

बिलासपुर रेलवे स्टेशन देश के बड़े और कमाई वाले रेलवे जोनों में गिना जाता है, लेकिन यहां की पार्किंग व्यवस्था रेलवे के दावों की पोल खोल रही है। स्टेशन परिसर में करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई नई पार्किंग सुविधा होने के बावजूद हालात बेहद खराब हैं।
ग्रैंड न्यूज की टीम जब बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंची, तो सामने आई तस्वीरें चौंकाने वाली थीं। तय पार्किंग में वाहन खड़े करने की जगह लोग सड़क पर ही गाड़ियां खड़ी कर रहे थे। “नो पार्किंग” के बोर्ड लगे होने के बावजूद उसी जगह दोपहिया और चारपहिया वाहन नजर आए। न कोई रोकने वाला दिखा, न ही किसी तरह की कार्रवाई होती नजर आई।
इस अव्यवस्था का सबसे ज्यादा नुकसान आम यात्रियों को हो रहा है। स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को रोजाना जाम, भीड़ और अव्यवस्थित ट्रैफिक का सामना करना पड़ता है। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों के लिए स्थिति और भी ज्यादा मुश्किल हो जाती है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। रोजाना यही हाल रहता है। पार्किंग कर्मचारी मौजूद होने के बावजूद व्यवस्था सुधारने की कोई ठोस कोशिश नहीं दिखती। लोगों का सवाल है कि जब रेलवे ने पार्किंग पर करोड़ों रुपये खर्च किए हैं, तो फिर व्यवस्था पर नियंत्रण क्यों नहीं है?
बिलासपुर रेलवे स्टेशन की यह हालत साफ तौर पर कागजों में दिखने वाली “स्मार्ट स्टेशन” की तस्वीर और जमीन पर मौजूद हकीकत के बीच का फर्क बता रही है। अब देखना यह है कि रेलवे प्रशासन कब इस अव्यवस्था पर ध्यान देता है या फिर यात्री ऐसे ही परेशान होते रहेंगे।





