परशुराम जयंती महोत्सव: रक्तदान शिविर में उमड़ा समाज का उत्साह

बिलासपुर। भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में परशुसेना द्वारा आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन समाज सेवा को समर्पित एक महत्वपूर्ण पहल देखी गई। शनिवार को शहर के एक निजी होटल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर समग्र ब्राह्मण समाज और परशुसेना के सदस्यों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान देने का संकल्प दोहराया।
परशुसेना के प्रमुख विनय शर्मा ने बताया कि, “भगवान परशुराम के जन्मोत्सव को केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम बनाकर मनाया जा रहा है।”
शिविर में महिलाओं की भागीदारी खास रही। महिला सदस्यों कोमल शर्मा और अर्चना तिवारी ने रक्तदान को जीवन रक्षक कार्य बताते हुए समाज के सभी वर्गों से इसमें भाग लेने की अपील की।
इस मौके पर ईलाइट हॉस्पिटल के डॉक्टर राजीव लोचन की टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण और ब्लड डोनेशन की पूरी व्यवस्था की गई थी। डॉ. लोचन ने कहा, “रक्तदान जैसे आयोजनों से न केवल जरूरतमंदों की मदद होती है, बल्कि समाज में स्वास्थ्य और जागरूकता की भावना भी मजबूत होती है।”
कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने इसे संवेदनशीलता और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया और कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।





