मोदी की गारंटी पूरी न होने पर पंचायत सचिवों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, विकास कार्य ठप

तखतपुर:
तखतपुर: प्रदेश पंचायत सचिव संघ के आह्वान पर प्रदेशभर के 11,000 से अधिक सचिव पिछले 5 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। सचिवों ने केंद्र सरकार द्वारा किए गए वादों, जिसमें दो साल के भीतर नियमितीकरण की गारंटी शामिल थी, को पूरा न करने के विरोध में काम बंद और कलम बंद कर धरने पर बैठने का फैसला लिया। सचिव संघ ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अपनी नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलन शुरू किया है।
हड़ताल से पंचायतों में विकास कार्यों पर असर
इस हड़ताल के कारण राज्य और केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे कई महत्वपूर्ण योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावित हुआ है। पंचायतों में जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन, आवास, राशन कार्ड जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में अड़चनें आ रही हैं और ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
सचिव संघ का विरोध जारी
पंचायत सचिवों की हड़ताल के चलते पंचायतों में सभी तरह के सरकारी काम ठप हो गए हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। सरकार की ओर से सचिवों को काम पर वापस लौटने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है, जिसमें यह कहा गया है कि अगर सचिव काम पर नहीं लौटे तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस आदेश के बाद सचिव संघ ने सरकार की दमनकारी नीतियों का विरोध किया और हड़ताल खत्म न करने का संकल्प लिया।
शुक्रवार को आदेश की प्रतियां जलाई गईं
राज्य सरकार के आदेश की कड़ी निंदा करते हुए, प्रदेश सचिव संघ के जिला अध्यक्ष श्याम कार्तिक और तखतपुर ब्लॉक सचिव संघ के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को तखतपुर में आदेश की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। श्याम कार्तिक ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगें 1 अप्रैल तक पूरी नहीं होतीं, तो वे मंत्रालय का घेराव करेंगे। इसके बाद भी अगर समस्या का समाधान नहीं होता है, तो वे आमरण अनशन करेंगे। अगर इसके बाद भी उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तो वे आत्मदाह करेंगे।
श्याम कार्तिक की चेतावनी:
हम सरकार की दमनकारी नीतियों के सामने घुटने टेकने वाले नहीं हैं। अगर हमारी मांग एक अप्रैल तक पूरी नहीं होती है, तो हम मंत्रालय का घेराव करेंगे। इसके बाद भी अगर हमारी मांग पूरी नहीं होती है तो हम आमरण अनशन करेंगे। और अगर हमारी मांग पूरी नहीं हुई तो आत्मदाह करेंगे, श्याम कार्तिक, जिला अध्यक्ष, सचिव संघ, बिलासपुर।





