Panchayat elections: जशपुर जिले में भाजपा को तगड़ा झटका, कांग्रेस और निर्दलीय ने जीता पंचायत चुनाव

Panchayat elections (जशपुर) : छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। जशपुर में भाजपा एक भी जिला पंचायत सीट जीतने में नाकाम रही। जिले की तीन जिला पंचायत सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा को तीनों सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। चुनाव अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र क्रमांक 1 से भाजपा के बागी प्रत्याशी गेंदबिहारी सिंह ने जीत दर्ज की। क्षेत्र क्रमांक 2 से कांग्रेस समर्थित आशिका कुजूर ने बाजी मारी।
क्षेत्र क्रमांक 3 से कांग्रेस समर्थित मोनिका टोप्पो ने जीत हासिल की। भाजपा को एक और झटका तब लगा जब बगीचा भाजपा मंडल अध्यक्ष हरीश आरिक भी पंच का चुनाव हार गए। इस हार के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में निराशा का माहौल है, जबकि कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपनी जीत का जश्न मनाया।





