दर्दनाक मौत: ट्रेन हादसे में मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की मौत

बिलासपुर, 10 अप्रैल — चकरभाठा के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की मौत हो गई। युवक ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बिल्हा दाधापारा डाउन रेल लाइन पर हुआ।

घटना की जानकारी रात करीब 8:00 बजे प्वाइंटमेन विनय कुमार शर्मा द्वारा चकरभाठा पुलिस को दी गई। उन्होंने बताया कि डाउन लाइन पर एक अज्ञात व्यक्ति ट्रेन से कट गया है और ट्रेनों के सुचारू परिचालन के लिए शव को तत्काल हटाना जरूरी है। सूचना मिलने पर चकरभाठा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस ने देखा कि युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में ट्रैक पर पड़ा था, सिर धड़ से अलग हो चुका था। मृतक की पहचान के लिए पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। कुछ देर बाद जानकारी मिली कि मृतक चकरभाठा बस्ती का निवासी था और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। बताया गया कि वह अक्सर बिना बताए घर से पैदल निकल जाया करता था।

कुछ समय बाद मृतक का बड़ा भाई घटनास्थल पर पहुंचा और कपड़ों व शरीर की बनावट से उसकी पहचान करते हुए बताया कि मृतक उसका छोटा भाई राम प्रसाद कौशिक है। परिजनों के अनुसार राम प्रसाद मंगलवार रात करीब 11:30 बजे घर से चुपचाप निकल गया था और आमतौर पर लौट आया करता था, इसलिए किसी अनहोनी की आशंका नहीं थी।

चकरभाठा पुलिस ने रेलवे पुलिस की उपस्थिति में मर्ग पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए बिल्हा चीरघर भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय ट्रेन कौन सी थी और दुर्घटना के पीछे की सही वजह क्या रही।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button