शिवपुरी अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट, एक मरीज की मौत

शिवपुरी: जिला अस्पताल में मंगलवार की रात एक मरीज की ऑक्सीजन सिलेंडर में ब्लास्ट की घटना के दौरान मौत हो गई। इस मामले में एक ओर जहां स्वजन का आरोप है कि मौत आक्सीजन सप्लाई रुकने के कारण हुई है, वहीं दूसरी ओर अस्पताल प्रबंधन की तरफ से सिविल सर्जन डा. बीएल यादव का कहना है कि मरीज को जब रैफर किया जा रहा था, तब उसे ऑक्सीजन लगी ही नहीं थी।

मरीज को रेफर के दौरान ब्लास्ट हुआ सिलेंडर

मंगलवार की शाम एक मरीज की तबीयत खराब होने पर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिला अस्पताल में अचानक उसकी तबीयत बेहद खराब हो गई, जिसके चलते उसे उपचार के लिए ग्वालियर रेफर करना पड़ गया। जब अस्पताल का स्टॉफ मरीज को ग्वालियर रेफर कर रहा था, तभी वार्ड से एम्बुलेंस तक लाते समय रास्ते में अचानक से ऑक्सीजन सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इसी दौरान मरीज की तबीयत और बिगड़ गई।

ऑक्सीजन सप्लाई रुकने से मौत

भतीजे का आरोप है कि जिस समय उसके चाचा को रेफर किया जा रहा था, उस समय उन्हें ऑक्सीजन लगी थी। रास्ते में एक वार्ड ब्याय ने सिलेंडर की गैस सप्लाई से छेड़छाड़ की और सिलेंडर में ब्लास्ट होने से ऑक्सीजन सप्लाई रूक गई और इसी कारण उसके चाचा की मौत हो गई।

डॉक्टर ने कहा- मरीज की किडनी फेल थी

सिविल सर्जन का कहना है कि मरीज को जिस समय रेफर किया जा रहा था, उस समय मरीज को ऑक्सीजन लगा ही नहीं था। उसे ऑक्सीजन की आवश्यकता ही नहीं थी क्योंकि उसकी ऑक्सीजन का लेवल 98 था। सिविल सर्जन के अनुसार मरीज की किडनी फेल थीं, उसका हिमोग्लोबिन सिर्फ 3 ग्राम था। इसके अलावा भी उसे कुछ गंभीर बीमारियां थी। यही कारण है कि मरीज की मौत हो गई।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button