पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तानियों पर बरसे ओवैसी, भुट्टो को दिया जवाब; अफरीदी को बताया जोकर

दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे देश में गुस्से का माहौल है। इस हमले को लेकर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तान पर जमकर निशाना साधा है। सोमवार को मीडिया से बात करते हुए ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान को सजा देने के लिए उसे फिर से FATF (फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स) की ग्रे लिस्ट में डालना चाहिए, और उस पर साइबर हमले भी किए जाने चाहिए।
ओवैसी का केंद्र को समर्थन
ओवैसी ने केंद्र सरकार की कार्रवाई को समर्थन देते हुए कहा, “अगर पाकिस्तान के खिलाफ कोई सख्त कदम उठाया जाता है तो AIMIM उसका पूरी तरह समर्थन करेगी।”
उन्होंने यह भी पूछा कि सिंधु जल संधि को निलंबित करने के बाद भारत को पानी का भंडारण कैसे करना चाहिए। बता दें कि पहलगाम हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को निलंबित किया था, जिससे पाकिस्तान घबरा गया है।
भुट्टो को करारा जवाब
पाकिस्तान के नेता बिलावल भुट्टो ने कहा था, “या तो सिंधु में पानी बहेगा या भारतीयों का खून।” इस पर ओवैसी ने जवाब दिया, “बिलावल से पहले पूछा जाना चाहिए कि उनकी मां बेनजीर भुट्टो को किसने मारा था? उन्हीं आतंकवादियों ने जिनका वो समर्थन करते हैं।”
अफरीदी पर भी निशाना
पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी के बयान पर ओवैसी ने कहा, “वह एक जोकर है।” वहीं, भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने भी अफरीदी को फटकार लगाते हुए लिखा, “भारतीय सेना पर गर्व है, पहले भी हारे थे और आगे भी हारोगे।”
ओवैसी ने साफ कहा, पाकिस्तान भारत से लड़ने की बात करना छोड़ दे, क्योंकि उसका बजट भी भारत के रक्षा बजट से छोटा है।





