पाकिस्तान पर भड़के ओवैसी, बोले मासूमों को मारोगे तो जवाब मिलेगा

दिल्ली। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को पहलगाम आतंकी हमले और पाकिस्तानी नेताओं की धमकियों पर तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान खुद को न्यूक्लियर पावर बताता है, लेकिन अगर मासूमों को मारोगे, तो जवाब जरूर मिलेगा। भारत चुप नहीं बैठेगा।”
ओवैसी ने आगे कहा, “धर्म पूछकर मासूमों को गोली मारना ISIS जैसा काम है। चाहे सरकार किसी की भी हो, भारत की ज़मीन पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पाकिस्तान भारत से आधी सदी पीछे है और हमारा मिलिट्री बजट उनके पूरे देश से ज्यादा है।”
ओवैसी का ये बयान पाकिस्तानी रेल मंत्री हनीफ अब्बासी की धमकी के जवाब में आया। अब्बासी ने कहा था कि पाकिस्तान ने भारत के लिए 130 मिसाइलें तैयार रखी हैं। भारत ने अगर सिंधु जल संधि रोकी, तो हम भारत की “सांसें रोक देंगे”।
भारत ने पहलगाम हमले के बाद सिंधु जल समझौता स्थगित कर दिया है। 22 अप्रैल को आतंकियों ने बैसरन घाटी में 26 टूरिस्ट की हत्या कर दी थी। इसके बाद सरकार ने पानी की सप्लाई रोकने, व्यापार खत्म करने और एयरस्पेस बंद करने जैसे 5 बड़े कदम उठाए।
पाकिस्तान ने इस फैसले को “एक्ट ऑफ वॉर” यानी जंग की शुरुआत बताया है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख जनरल मुनीर ने भी भारत के खिलाफ विवादित बयान दिए हैं। सरकार ने कहा है कि पाकिस्तान को अब एक बूंद भी पानी नहीं मिलेगा। साथ ही, सुरक्षा एजेंसियों ने कहा है कि अगर फिर हमला हुआ, तो जवाब बहुत सख्त होगा।





