राजिम कल्प कुंभ 2026 विवाद: संतों के नाम हटाने पर आक्रोश, सचिव आचार्य राजेश्वरानंद ने दिया इस्तीफा

रायपुर। राजिम कल्प कुंभ 2026 की सूची से साधु-संतों के नाम हटाए जाने को लेकर संत समाज में भारी आक्रोश है। इस मुद्दे पर रायपुर के संत, महंत, पुजारी और पुरोहितों ने कड़ा विरोध जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कचना रोड स्थित सुरेश्वर महादेव पीठ में आयोजित आपात बैठक में राजिम कल्प कुंभ 2026 के सचिव आचार्य डॉ. राजेश्वरानंद ने पूरे घटनाक्रम पर चिंता जताते हुए अपने सचिव पद से इस्तीफा देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिन साधु-संतों के नाम पहले सूची में थे, उन्हें बिना कारण हटाया गया, जिससे संत समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
आचार्य राजेश्वरानंद ने बताया कि संत समाज की मांग पर ही सरकार ने उन्हें सचिव नियुक्त किया था, लेकिन तैयारियों के दौरान उनकी लगातार उपेक्षा की गई। न तो किसी बैठक में बुलाया गया और न ही कोई जानकारी दी गई। संतों के नाम हटाए जाने से असंतोष और बढ़ गया।

बैठक में महंत देवदास, महंत वेद प्रकाश, निराहार संत गौतम आनंद, किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर साध्वी मां सौम्या सहित अनेक संत-महंत और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। संत समाज ने एक स्वर में मांग की कि राजिम कल्प कुंभ 2026 से जुड़े सभी निर्णयों में पारदर्शिता बरती जाए और संतों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वालों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।





