भारत-पाकिस्तान मैच का विरोध तेज, ओवैसी और उद्धव गुट का सरकार पर हमला

दिल्ली। एशिया कप 2025 में आज दुबई में होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर देशभर में विरोध तेज हो गया है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तानी खिलाड़ी का पुतला जलाया। यह मैच पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच पहला मुकाबला है।
हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सवाल उठाया कि क्या इस मैच से मिलने वाला पैसा उन 26 जानों से ज्यादा कीमती है, जो पहलगाम हमले में गई थीं। वहीं महाराष्ट्र में शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने ऐलान किया कि उनकी पार्टी की महिला कार्यकर्ता सिंदूर इकट्ठा कर प्रधानमंत्री को भेजेंगी, ताकि सरकार पाकिस्तान से संबंध खत्म करने का संदेश दे।
हमले में अपनों को खो चुके पीड़ित परिवार भी इस मैच का विरोध कर रहे हैं। सावन परमार ने कहा कि “अगर आप पाकिस्तान से क्रिकेट खेलना चाहते हैं, तो मेरे भाई को वापस लाओ, जिसने इस हमले में जान गंवाई।” उनकी मां किरण परमार ने पीएम मोदी से सवाल किया कि अधूरे ऑपरेशन सिंदूर के बीच मैच का आयोजन क्यों किया जा रहा है।
विरोध की आवाजें राजनीतिक दलों तक सीमित नहीं रहीं। अरविंद केजरीवाल ने क्लब और पब से अपील की कि वे मैच का प्रसारण न करें, वरना विरोध होगा। वहीं हरियाणा के हिसार में ऑपरेशन सिंदूर में शामिल रहे वीरता पुरस्कार विजेता सार्जेंट भले सिंह ने भी मैच का टेलीकास्ट रुकवाने की मांग की।
उधर, BCCI अधिकारियों ने भी मैच से दूरी बनाने का संकेत दिया है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मैच के प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की है। विरोध की इन लहरों के बीच, भारत-पाकिस्तान मैच देश में राजनीतिक और भावनात्मक मुद्दा बन गया है।





