छत्तीसगढ़ के युवाओं को सरकारी नौकरी का मौका, खेल विभाग में होगी भर्ती

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और उन्हें सरकारी नौकरी का अवसर प्रदान करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। खेल मंत्री टंकराम वर्मा ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग में सीधी और संविदा पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

यह निर्देश खेल विभाग की समीक्षा बैठक में दिए गए, जिसमें सचिव हिमशिखर गुप्ता, संयुक्त सचिव सुखनाथ अहिरवार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री वर्मा ने कहा कि वित्त विभाग से अनुमति प्राप्त स्वीकृत पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि खेल क्षेत्र से जुड़े युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।

मंत्री ने राज्य खेल अलंकरण 2023-24 और 2024-25 के लिए भी आवेदन आमंत्रित करने हेतु तत्काल विज्ञापन जारी करने के निर्देश दिए। इसके तहत प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा बैठक में आगामी 2025-26 के बजट में छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत शामिल निर्माण कार्यों के प्रस्तावों को अंतिम रूप देने, पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं संभाग मुख्यालयों में आयोजित करने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता देने की योजना भी बनाई गई। मंत्री ने जोर दिया कि प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक खिलाड़ियों को योजनाओं की जानकारी दी जाए ताकि वे इनका लाभ उठा सकें। सरकार के इस निर्णय से राज्य के युवाओं को खेल के क्षेत्र में करियर बनाने और रोजगार पाने का नया अवसर मिलेगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button