दुर्ग के गांव में अफीम खेती का खुलासा, भाजपा नेता की दहशत के आरोप; जमीन, तालाब और कुएं पर कब्जे की शिकायत

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा गांव में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता विनायक ताम्रकार सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फार्महाउस से करीब 8 करोड़ रुपए कीमत के अफीम के पौधे जब्त किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार गांव में पिछले कई वर्षों से बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की जा रही थी, लेकिन इसकी भनक किसी को नहीं लगी। बताया जा रहा है कि गांव के कुछ बच्चों को खेत में अजीब पौधे दिखाई दिए। जब उन्होंने इसकी तस्वीर इंटरनेट पर खोजी तो पता चला कि यह अफीम का पौधा है। इसके बाद गांव में मामला फैल गया और प्रशासन तक बात पहुंची।

खुलासे के बाद ग्रामीणों ने आरोपी नेता पर गांव में दबदबा और दहशत का माहौल बनाने के आरोप लगाए हैं। गांव की महिलाओं का कहना है कि गांव में अगर किसी की मौत हो जाती थी तो अंतिम संस्कार के लिए शव को श्मशान ले जाने से पहले भी उनसे अनुमति लेनी पड़ती थी। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि गांव के कुछ सार्वजनिक स्थानों, सरकारी शौचालय और रास्तों तक पर उनका कब्जा था।

ग्रामीणों के मुताबिक फार्महाउस के चारों ओर गेट लगाए गए थे, जिससे आम लोगों का अंदर जाना लगभग असंभव था। इसी कारण खेतों में क्या हो रहा है, इसकी जानकारी गांव वालों को नहीं मिल पाती थी। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी के डर के कारण लोग उस इलाके की तरफ जाने से भी कतराते थे।

गांव के लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि एक पुराने कुएं और आसपास के तालाब पर भी कब्जा कर लिया गया था, जो पहले पूरे गांव के लिए पानी का मुख्य स्रोत था। इसके बाद ग्रामीणों को इन जगहों के इस्तेमाल में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जिस जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी, वह जमीन लीज पर ली गई थी। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी विकास विश्नोई ने बताया कि जमीन राजस्थान के जोधपुर निवासी आचल दास ने लीज पर ली थी। पुलिस अब इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

मामले के सामने आने के बाद गांव में विरोध प्रदर्शन भी हुआ। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, जबकि पुलिस ने जब्त किए गए अफीम के पौधों को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई