तरबूज-ककड़ी की आड़ में एक एकड़ में अफीम की खेती का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, साथियों की तलाश जारी

रायगढ़ जिले में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है, जहां करीब एक एकड़ जमीन पर तरबूज और ककड़ी के नाम पर अफीम उगाई जा रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके अन्य साथी फरार बताए जा रहे हैं।
मामला तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट इलाके का है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी झारखंड के खूंटी जिले का रहने वाला है, जिसने करीब 10 साल पहले स्थानीय महिला से शादी कर यहीं बस गया था। इसके बाद उसने ससुराल में रहते हुए अपने साथियों के साथ मिलकर अफीम की खेती शुरू कर दी।
पुलिस ने सूचना के आधार पर खेत और आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी, जहां से मार्शल सांगा को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से अफीम के पौधे बरामद किए गए, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जांच में पता चला कि जिस जमीन पर यह खेती की जा रही थी, वह अलग-अलग खसरा नंबरों की निजी और परियोजना भूमि है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
इस मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। कांग्रेस नेताओं ने इस पर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इतनी बड़ी अवैध खेती बिना किसी संरक्षण के संभव नहीं है।
बताया जा रहा है कि प्रदेश में पिछले 15 दिनों के भीतर अफीम की खेती का यह चौथा मामला है, जिससे अवैध नशे के कारोबार को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।





