ऑपरेशन सिंदूर: डमी फाइटर से पाकिस्तान को चकमा देकर भारत ने की सटीक एयर स्ट्राइक

दिल्ली। भारतीय वायुसेना द्वारा चलाया गया “ऑपरेशन सिंदूर” हालिया सैन्य अभियानों में एक ऐतिहासिक और रणनीतिक मिसाल बन गया है। इस अभियान के दौरान भारत ने पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम को धोखा देने के लिए असली लड़ाकू विमानों की बजाय डमी फाइटर जेट्स का इस्तेमाल किया। यह डमी जेट्स दरअसल अनमैन्ड एरियल व्हीकल्स (UAV) थे, जिन्हें रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) और ब्रिटिश तकनीक वाले बंशी यूएवी के जरिए विकसित किया गया। इनमें इंफ्रारेड सिग्नेचर जोड़े गए ताकि पाकिस्तान की निगरानी प्रणाली इन्हें असली फाइटर समझे।

इन डमी फाइटर जेट्स को पाकिस्तान के महत्वपूर्ण एयरबेस जैसे मुरीद, सियालकोट, सरगोधा और रहीम यार खान की ओर उड़ाया गया। इसके जवाब में पाकिस्तान ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम जैसे HQ-9 मिसाइल बैटरियों और राडार नेटवर्क को एक्टिवेट कर दिया। इसी मौके का फायदा उठाते हुए भारतीय वायुसेना ने “हैरोप ड्रोन्स” के जरिए इन पाकिस्तानी सिस्टम्स को निशाना बनाकर उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया। इस रणनीति से पाकिस्तान की वायुसेना बिना रक्षा कवच के रह गई थी।

7 मई की रात भारत ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकियों के सात प्रमुख ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की। इनमें मुजफ्फराबाद के सवाई नाला ट्रेनिंग सेंटर, सैयदना बिलाल कैंप, कोटली का गुरपुर और अब्बास कैंप, भिम्बर का बरनाला कैंप, सियालकोट का सरजल व हिजबुल महमूना जाया कैंप और बहावलपुर स्थित जैश-ए-मोहम्मद का हेडक्वार्टर शामिल थे।
सैटेलाइट तस्वीरों से यह साफ हुआ कि भारत की इस कार्रवाई में सरगोधा, नूर खान, भोलारी और सुक्कुर जैसे पाकिस्तानी एयरबेस को भारी नुकसान हुआ। ये तस्वीरें मक्सर नामक कंपनी द्वारा जारी की गईं। यह ऑपरेशन न सिर्फ सैन्य दृष्टि से सफल रहा, बल्कि रणनीतिक सूझ-बूझ की मिसाल भी बन गया।





