ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, किंगडम बुक के जरिए करोड़ों की सट्टेबाजी कराने वाला आरोपी गिरफ्तार

प्रदेश में ऑनलाइन सट्टा एप ‘महादेव’ के बाद अब ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ के जरिए सट्टा खिलाने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस ने जिले में सक्रिय सट्टा किंग राजा सरदार को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई लंबे समय से मिल रही अवैध ऑनलाइन सट्टे की शिकायतों के बाद की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी रायपुर निवासी अनीश खान के इशारे पर ऑनलाइन सट्टे का बड़ा नेटवर्क संचालित कर रहा था। अनीश खान और उसका सहयोगी स्वयम खुराना फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
आरोपी ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ नामक प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा खिलवा रहा था। नेटवर्क के तहत करीब 70 से 80 ऑनलाइन आईडी बांटी जा चुकी थीं, जिनके जरिए करोड़ों रुपए का लेन-देन किया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कई मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और सट्टे से जुड़े अहम इलेक्ट्रॉनिक सबूत जब्त किए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। जब्त मोबाइल और डिजिटल डेटा की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, जिससे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी द्वारा लगभग 80 आईडी संचालित की जा रही थीं, जिनसे बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा खेला जा रहा था। उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा। उसका साथी स्वयम खुराना अभी फरार है।
पुलिस ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड अनीश खान था, जो सुपर आईडी उपलब्ध कराता था। मामले में रोहित जांगड़े नाम के व्यक्ति की भी संलिप्तता सामने आई है। ऑनलाइन सट्टा गेमिंग एक्ट की धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
इस कार्रवाई के बाद शहर और आसपास के इलाकों में सक्रिय ऑनलाइन सट्टा गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।





