आपातकाल की 50वीं बरसी पर लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान, छात्रों के लिए निबंध प्रतियोगिता

बिलासपुर। देश में लगे आपातकाल की 50वीं बरसी पर 25 और 26 जून को “काला दिवस” के रूप में मनाया जाएगा। इस मौके पर 26 जून को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने रायपुर स्थित निवास में छत्तीसगढ़ के लोकतंत्र सेनानियों और सत्याग्रहियों को सम्मानित करेंगे। यह जानकारी लोकतंत्र प्रहरी संगठन के राष्ट्रीय संयोजक और अधिवक्ता सच्चिदानंद उपासने ने प्रेस क्लब बिलासपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
इस अवसर पर “आपातकाल का काला इतिहास” और “संविधान हत्या दिवस” पर प्रबुद्धजनों के उद्बोधन होंगे और एक विशेष पुस्तिका का विमोचन भी किया जाएगा।
सच्चिदानंद उपासने ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर वर्ष 25 जून को “संविधान हत्या दिवस” के रूप में मनाने की बात कही है, ताकि देश को याद दिलाया जा सके कि कैसे एक तानाशाही सरकार ने लोकतंत्र और संविधान को कुचल दिया था।
उन्होंने बताया कि आपातकाल के दौरान लाखों विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बिना सुनवाई जेलों में डाल दिया गया था, अखबारों पर सेंसरशिप लगाई गई और जो पत्रकार सच दिखाने की कोशिश करते थे, उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता था।
निबंध प्रतियोगिता का आयोजन
आपातकाल की स्मृति को जीवित रखने और नई पीढ़ी को जागरूक करने के लिए प्रदेश स्तर पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
कॉलेज छात्रों के लिए विषय होगा: “संविधान हत्या दिवस कितना प्रासंगिक?”
स्कूल छात्रों के लिए विषय होगा: “आपातकाल कभी विस्मृत न हो?”
प्रतियोगिता में जीतने वाले छात्रों को ₹31,000, ₹21,000 और ₹11,000 के नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रोत्साहन पुरस्कार और प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी के लिए छात्र और विद्यालय इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
📞 9425202652, 9425252092, 9098544255
प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दत्ता त्रिपुरवार, बिलासपुर जिला अध्यक्ष सुनील पुराणिक, रायपुर जिला अध्यक्ष सुभाष देशपांडे, कार्यालय मंत्री संतोष शर्मा और वरिष्ठ लोकतंत्र सेनानी अर्जुन तीर्थानी भी उपस्थित रहे।





