राजधानी में ‘न्यूड पार्टी’ इनविटेशन वायरल, कांग्रेस ने जताया विरोध

रायपुर। रायपुर में ड्रग्स सिंडिकेट विवाद के बीच अब सोशल मीडिया पर कथित “न्यूड पार्टी”, “स्ट्रेंजर पार्टी” और “हाउस पूल पार्टी” के इनविटेशन वायरल होने से नया विवाद खड़ा हो गया है। इंस्टाग्राम सहित कई प्लेटफॉर्म्स पर बीते दिनों से इन आयोजनों के विज्ञापननुमा पोस्ट घूम रहे हैं, जिनमें 21 सितंबर को राजधानी में आयोजन का दावा किया गया है।
वायरल पोस्ट्स में शराब और ड्रग्स परोसे जाने के संकेत पहले ही सामने आए थे, लेकिन अब नग्नता के आकर्षण का लालच दिए जाने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। इसने समाज में गहरी चिंता पैदा कर दी है।

कांग्रेस नेता कन्हैया अग्रवाल ने इन आयोजनों का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा— “इन आयोजनों को आखिर किसका संरक्षण मिल रहा है…? शराब, ड्रग्स के बाद अब नग्नता परोसने की कोशिश हो रही है। 21 सितंबर का यह आयोजन रायपुर में किसी भी हाल में नहीं होने देंगे। अपने शहर को दागदार नहीं होने देंगे।”
कन्हैया अग्रवाल ने आगे कहा कि वे शुक्रवार को रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से मुलाकात करेंगे और मामले में कठोरतम कार्रवाई की मांग करेंगे। उनका कहना है कि यह जांच होनी चाहिए कि सोशल मीडिया पर इस तरह के इनविटेशन वायरल करने के पीछे कौन लोग हैं और उन्हें किसका संरक्षण प्राप्त है।
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया
जैसे ही इन पोस्ट्स का मामला सामने आया, सोशल मीडिया में अलग-अलग वर्गों से कड़ी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कई लोगों ने इसे समाज की मूलभूत संस्कृति के खिलाफ बताते हुए कड़ा विरोध जताया और पुलिस-प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।





