गनियारी:निरीक्षण में अनुपस्थित निरीक्षक को नोटिस, तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण

गनियारी। ओपन स्कूल हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा 2025 के दौरान परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 3 अप्रैल को जिले के संबंधित अधिकारी ने गनियारी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां नियुक्त पर्यवेक्षक व्याख्याता महेन्द्र सिंह राजपूत अनुपस्थित पाए गए। उनकी गैरमौजूदगी पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए इसे गंभीर लापरवाही करार दिया है।

परीक्षा केंद्रों पर शुचिता बनाए रखने और परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पर्यवेक्षकों की अनिवार्य रूप से उपस्थिति आवश्यक होती है। लेकिन महेन्द्र सिंह राजपूत बिना किसी पूर्व सूचना के ड्यूटी से नदारद थे, जिससे परीक्षा संचालन में लापरवाही की आशंका जताई गई।

प्रशासन ने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए व्याख्याता महेन्द्र सिंह राजपूत को तीन दिन के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि अगर निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया, तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षा विभाग ने सभी पर्यवेक्षकों और परीक्षा केंद्रों के जिम्मेदार अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button