खाड़ी हालात के बीच बिलासपुर में पेट्रोल-डीजल और गैस की कोई कमी नहीं, कलेक्टर ने अफवाहों से बचने की अपील की

बिलासपुर। खाड़ी देशों में बने हालात के बीच पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस को लेकर लोगों में चिंता बढ़ी है, लेकिन बिलासपुर जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि जिले में ईंधन और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और सप्लाई सुचारू रूप से जारी है।
उन्होंने बताया कि 38 गैस एजेंसियों में 9489 घरेलू एलपीजी सिलेंडर, 247 व्यावसायिक सिलेंडर, 171 पेट्रोल पंपों पर 1209 किलोलीटर पेट्रोल और 1429 किलोलीटर डीजल उपलब्ध है, जो वर्तमान जरूरतों के लिए पर्याप्त है।

कलेक्टर ने कहा कि ईंधन की मांग अफवाहों के कारण बढ़ी है, लोग जरूरत से ज्यादा स्टॉक कर रहे हैं, जिससे अनावश्यक दबाव बन रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल व गैस खरीदें।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।





