न्यू ईयर पर सेक्टर-18 में नो एंट्री, 30 दिसंबर से 1 जनवरी तक लागू रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

नए साल के जश्न को देखते हुए नोएडा में यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत 30 दिसंबर दोपहर 2 बजे से 1 जनवरी दोपहर तक सेक्टर-18 मार्केट और आसपास के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

एडवाइजरी के अनुसार सेक्टर-18 मार्केट में वाहनों की पूरी तरह नो एंट्री लागू रहेगी। इस क्षेत्र में आने वाले लोगों को अपने वाहन केवल निर्धारित मल्टीलेवल पार्किंग में ही खड़े करने होंगे। सड़क किनारे या अनधिकृत स्थानों पर पार्किंग करने पर कार्रवाई की जाएगी।

कई कट और रास्ते अस्थायी रूप से बंद

ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए सेक्टर-18 से जुड़े कई कट अस्थायी रूप से बंद किए जाएंगे। 30 दिसंबर दोपहर 2 बजे से सेक्टर-60 से फ्लाइओवर होते हुए सेक्टर-18 की ओर भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही आने-जाने की अनुमति दी जाएगी।

मेट्रो स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर सख्त निगरानी

सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन के आसपास यातायात व्यवस्था सख्ती से लागू की जाएगी। मेट्रो स्टेशन के नीचे बने कट, बिजलीघर तिराहा और सेक्टर-18 स्थित मजेस्टिक होटल के पास बने कट खुले रहेंगे, लेकिन यहां ट्रैफिक पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी।

मॉल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष व्यवस्था

ग्रेटर नोएडा के ग्रैंड वेनिस मॉल और नोएडा के गार्डन गैलेरिया, जीआईपी मॉल, डीएलएफ मॉल समेत अन्य प्रमुख बाजारों और मॉल के आसपास भी ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था सख्त रहेगी। नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने पर चालान किया जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस बल और जांच अभियान

न्यू ईयर सेलिब्रेशन को सुरक्षित बनाने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की भी तैनाती की गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सेक्टर-18 और अन्य व्यस्त इलाकों में जाने के लिए निजी वाहनों की बजाय मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें। किसी भी सहायता के लिए ट्रैफिक हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई