निस्तारी मार्ग बंद, हजारों लोग परेशान – 6 जून को DRM कार्यालय घेराव की चेतावनी

बिलासपुर, छत्तीसगढ़ |
सिरगिट्टी नवापारा क्षेत्र के नागरिकों को इन दिनों एक अचानक और असंवेदनशील निर्णय के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे प्रशासन द्वारा संतोषी माता मंदिर से गुरु गोविंद सिंह नगर तक जाने वाला WBM निस्तारी मार्ग अचानक बंद कर दिया गया है। यह मार्ग दैनिक आवाजाही का प्रमुख रास्ता था, जिससे हर दिन हजारों लोग गुजरते थे।
बिना सूचना और बिना वैकल्पिक रास्ते के बंद किया गया रास्ता
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि यह मार्ग बिना किसी पूर्व सूचना, जनसुनवाई या वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराए बंद कर दिया गया। इससे बच्चों के स्कूल जाने, बुजुर्गों और मरीजों के इलाज सहित अन्य जरूरी गतिविधियों में भारी दिक्कतें आ रही हैं। एम्बुलेंस जैसी आपात सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
जनविरोधी कदम करार, कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग
आक्रोशित नागरिकों ने इस कदम को जनविरोधी करार देते हुए जिला कलेक्टर को पत्र सौंपा है। पत्र में मांग की गई है कि 5 जून तक वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए, अन्यथा 6 जून को सिरगिट्टी की जनता DRM (डिविजनल रेलवे मैनेजर) कार्यालय का घेराव करेगी।
नागरिकों का कहना है कि यदि इस मुद्दे का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो प्रशासन और रेलवे विभाग को जनआंदोलन की जिम्मेदारी लेनी होगी।
जनहित की मांग
जनहित की मांग है की बंद मार्ग को तत्काल खोला जाए, वैकल्पिक मार्ग की स्पष्ट और सुरक्षित व्यवस्था की जाए, आपात सेवाओं के लिए मार्ग सुनिश्चित किया जाए, और 6 जून से पहले समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन तय है
यह मामला क्यों ज़रूरी है?
यह सिर्फ एक रास्ता नहीं, सिरगिट्टी के हजारों लोगों की दिनचर्या, सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ा प्रश्न है। समय रहते समाधान नहीं हुआ, तो यह विवाद और आंदोलन का रूप ले सकता है। अब देखना है कि प्रशासन इस जनआवाज पर कितना त्वरित और संवेदनशील निर्णय लेता है।





