रायगढ़ में रात की ठंड ने बढ़ाई ठिठुरन, न्यूनतम तापमान गिरकर 12 डिग्री पहुंचा

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मौसम ने एक बार फिर बदलाव का संकेत दिया है। बीते एक सप्ताह से रात में गर्मी का अहसास हो रहा था, लेकिन अब तापमान में गिरावट और ठंडी हवाओं के कारण रात के समय फिर से ठंड महसूस होने लगी है। लोग एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं।
जनवरी के अंत और फरवरी की शुरुआत में दिन के समय तापमान बढ़ने से ठंड लगभग खत्म होने का अनुमान लगाया जा रहा था। हालांकि, शनिवार रात से मौसम में आए बदलाव के कारण ठंड दोबारा लौट आई है।
मौसम विभाग के अनुसार, हाल ही में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन अचानक गिरावट के बाद यह घटकर 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके चलते रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है।
विभाग का अनुमान है कि मंगलवार के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू होगी। प्रतिदिन न्यूनतम तापमान में करीब 1 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। संभावना जताई गई है कि शुक्रवार तक न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री और अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
फिलहाल आसमान साफ बना हुआ है और दोपहर में धूप का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में वृद्धि के साथ ही तेज धूप परेशान कर सकती है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।
मौसम में इस उतार-चढ़ाव के कारण स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है। विशेषज्ञों ने लोगों से सावधानी बरतने, पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने और बदलते मौसम में खानपान पर ध्यान देने की अपील की है।





