बिलासपुर में नवविवाहित दंपती ने पेड़ पर लगाई फांसी: एक ही फंदे से झूलते मिले शव, पारिवारिक विवाद की आशंका

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रविवार देर रात एक नवविवाहित दंपती का शव सड़क किनारे पेड़ से लटका मिला। दोनों ने कथित रूप से एक ही फंदे का इस्तेमाल कर आत्महत्या की। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान जयरामनगर परसदा निवासी प्रकाश यादव (26) और उनकी पत्नी पूर्णिमा यादव (22) के रूप में हुई है। दोनों की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। वे चिंगराजपारा स्थित कदमपारा में किराए के मकान में रह रहे थे। प्रकाश मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक कारणों को लेकर दंपती के बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पूर्णिमा अपने ससुर से अलग रहना चाहती थी, जिसको लेकर घर में अक्सर कहासुनी होती थी। रविवार रात भी इसी बात पर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों ने अलग रहने का निर्णय लेते हुए सामान पैक किया और घर से निकल गए।
कुछ समय बाद सीपत रोड स्थित सूर्या चौक पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास एक नीम के पेड़ पर दोनों का शव फंदे से लटका मिला। स्थानीय लोगों ने शव देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। सूचना मिलने पर प्रकाश के पिता भी घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, दोनों के गले में एक ही कपड़े का फंदा लगा था। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।
थाना पुलिस का कहना है कि पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दंपती घर से घूमने के लिए निकले थे, जबकि पिता घर में सो रहे थे। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है।





