भारत-यूएई के बीच नई साझेदारी: शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के क्षेत्र में हुए बड़े समझौते

दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम इन दिनों भारत दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से अलग-अलग मुलाकात की। इन बैठकों के बाद भारत और यूएई के बीच कई अहम समझौते हुए हैं।
कोच्चि और वाडिनार में बनेंगे जहाज मरम्मत क्लस्टर
कोच्चि (केरल) और वाडिनार (गुजरात) में जहाज मरम्मत क्लस्टर स्थापित करने के लिए कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (CSL) और दुबई की कंपनी ड्रायडॉक्स वर्ल्ड (DDW) के बीच समझौता हुआ है। इससे जहाज निर्माण और मरम्मत के क्षेत्र में रोजगार और व्यापार के नए अवसर पैदा होंगे।
दुबई में खुलेंगे IIM अहमदाबाद और IIFT के कैंपस
भारत के प्रमुख संस्थान IIM अहमदाबाद और भारतीय विदेश व्यापार संस्थान (IIFT) दुबई में अपने पहले अंतरराष्ट्रीय कैंपस खोलने जा रहे हैं। इससे यूएई और खाड़ी देशों में बसे भारतीय छात्रों को उच्च स्तरीय शिक्षा के अवसर मिलेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इससे दोनों देशों के बीच शैक्षिक सहयोग और भी मजबूत होगा।
भारत-यूएई मैत्री अस्पताल के लिए जमीन आवंटित
दुबई में भारत-यूएई मैत्री अस्पताल के निर्माण के लिए भूमि आवंटन भी किया गया है। यह अस्पताल खाड़ी क्षेत्र में बसे लगभग 9 मिलियन भारतीयों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने की क्राउन प्रिंस की तारीफ
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि दुबई ने भारत-यूएई रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने इस यात्रा को दोनों देशों के बीच गहरी मित्रता और मजबूत सहयोग का प्रतीक बताया।
अबू धाबी में पहले ही खुल चुका है IIT कैंपस
गौरतलब है कि पिछले साल अबू धाबी में IIT दिल्ली का अंतरराष्ट्रीय कैंपस शुरू हो चुका है। इसके साथ ही दुबई में सीबीएसई का क्षेत्रीय कार्यालय भी खुल चुका है, जिससे भारतीय शिक्षा प्रणाली की पकड़ यूएई में और मजबूत हो रही है।





