चंद्रखुरी कौशल्या माता मंदिर में नई राम प्रतिमा जल्द होगी स्थापित, मकर संक्रांति के बाद रायपुर पहुंचेगी

रायपुर। चंद्रखुरी स्थित कौशल्या माता मंदिर में प्रभु श्रीराम की नई प्रतिमा जल्द ही स्थापित की जाएगी। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने जानकारी दी कि नई प्रतिमा पूरी तरह बनकर तैयार है और मूर्तिकार को पूरा भुगतान भी कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति (14 जनवरी) के बाद भगवान राम की प्रतिमा रायपुर लाई जाएगी। इसके बाद पूरे विधि-विधान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मंदिर परिसर में प्रतिमा की स्थापना की जाएगी।
गौरतलब है कि चंद्रखुरी को भगवान राम का ननिहाल माना जाता है। यहां पहले से स्थापित विशालकाय प्रतिमा को लेकर मुख और शरीर के अनुपात पर आपत्ति जताई गई थी। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बनी इस प्रतिमा को लेकर भाजपा ने सवाल उठाए थे।
प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद पुरानी प्रतिमा को हटाकर नई प्रतिमा स्थापित करने का फैसला लिया गया। इसके लिए मध्यप्रदेश के ग्वालियर के प्रसिद्ध मूर्तिकार दीपक विश्वकर्मा को जिम्मेदारी दी गई थी। भुगतान में देरी के कारण काम कुछ समय के लिए रुक गया था, लेकिन अब पूरा भुगतान होने के बाद प्रतिमा को रायपुर लाने की तैयारी शुरू हो गई है।





