एनडीए कैडेटों ने दिवंगत साथी की बहन की पढ़ाई का उठाया पूरा खर्च, पेश की मिसाल

नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) के कैडेटों ने मानवता और भाईचारे की अनोखी मिसाल पेश की है। दिवंगत कैडेट प्रथम महाले के सहपाठियों ने मिलकर उनकी छोटी बहन रुजुता की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाया। 16 अक्टूबर 2023 को बॉक्सिंग चैंपियनशिप के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने से प्रथम का निधन हो गया था।
प्रथम प्रतिष्ठित आस्कर स्क्वाड्रन के स्क्वाड्रन कैडेट कैप्टन थे। उनके निधन से परिवार गहरे सदमे में था। प्रथम अपनी बहन को मेडिकल की पढ़ाई करते देखना चाहते थे। इस अधूरी इच्छा को पूरा करने का जिम्मा उनके साथी कैडेटों ने उठाया और परिवार को हर संभव सहयोग देने का वचन दिया।
प्रथम के पिता गोरख महाले ने बताया कि साथियों ने कमीशन मिलने के बाद भी परिवार से संपर्क बनाए रखा। वे देहरादून में आइएमए की पिपिंग और पासिंग आउट परेड में परिवार को आमंत्रित कर चुके हैं और बाद में जलगांव स्थित घर भी आए।
दुःख के बाद परिवार मानसिक रूप से टूट गया था, जिससे रुजुता की पढ़ाई प्रभावित हुई। लेकिन प्रथम के साथियों ने उन्हें फिर से संभाला और तैयारी शुरू करने को प्रोत्साहित किया।
प्रथम के सहपाठी हर महीने 30 से 35 हजार रुपये उनके घर भेजते थे। रुजुता को बरेली में मेडिकल कोर्स में प्रवेश मिला, तो कैडेटों ने एडमिशन के लिए लगभग 30 हजार रुपये भी भेजे और आश्वासन दिया कि आगे की पढ़ाई का खर्च भी वे उठाएंगे।
एक साथी कैडेट, जो अब चंडीगढ़ में फ्लाइंग ऑफिसर हैं, ने कहा कि प्रथम हमेशा अपने परिवार और बहन की पढ़ाई की चिंता करते थे। इसलिए सभी ने मिलकर तय किया कि प्रथम के न रहने पर भी उनका परिवार अकेला नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रथम भले ही साथ नहीं हैं, लेकिन उन्हें सपोर्ट करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।





