कोरबा में नक्सली रामा इचा गिरफ्तार, कई संगठनों से जुड़ा था संबंध

कोरबा। स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एसआईए) ने कोरबा से नक्सली रामा इचा को गिरफ्तार किया है। रामा कोयला खदान में काम करता था और कई मजदूर संगठनों से जुड़ा हुआ था।
जांच में सामने आया है कि उसका कनेक्शन हाल ही में पकड़े गए नक्सली जग्गू कुरसम उर्फ रमेश और उसकी पत्नी कमला कुरसम से था। ये लोग लगातार ठिकाना बदलते रहते थे और लंबे समय तक किसी एक जगह पर नहीं ठहरते थे। कई बार वे काम छोड़कर बस्तर लौट जाते और फिर नया ठिकाना तलाशते।
एसआईए का कहना है कि रामा ने रायपुर के झुग्गी इलाकों में कई बड़े नक्सलियों को ठहराया और उनकी मदद भी की। वह लगातार जग्गू और कमला के संपर्क में रहता था और उनसे मिलने रायपुर भी आता-जाता था। पैसों का लेन-देन होने की जानकारी भी सामने आई है।
शनिवार शाम एसआईए ने रामा को बिलासपुर एनआईए कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर भेज दिया गया है। इस दौरान तकनीकी जांच के बाद दो और लोगों को हिरासत में लिया गया है, हालांकि उनकी गिरफ्तारी फिलहाल नहीं हुई है।





