मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले-मार्च 2026 तक खत्म होगा नक्सलवाद, दिल्ली दौरे पर देंगे निवेश को नई गति

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को दो दिवसीय दिल्ली दौरे पर रवाना हुए। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने माओवादी संगठन के हालिया पत्र पर प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार बनने के बाद से ही नक्सलियों से हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के साथ सरकार न्याय करेगी।
बस्तर को लेकर मुख्यमंत्री ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि कुछ महीनों का इंतजार कीजिए, मार्च 2026 तक नक्सलवाद पूरी तरह खत्म हो जाएगा। इसके साथ ही उस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास कार्य, कृषि, पशुपालन और पर्यटन को बढ़ावा देने पर सरकार का पूरा फोकस है।
दिल्ली दौरे की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री साय ने बताया कि 14 से 27 नवंबर तक लग रहे अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इस बार भी छत्तीसगढ़ राज्य दिवस मनाया जाएगा। मेले में राज्य की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि मंगलवार से इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम की शुरुआत होने जा रही है, जिसमें वह खुद शामिल होकर निवेशकों से मुलाकात करेंगे।





