अबूझमाड़ और नॉर्थ बस्तर नक्सल मुक्त घोषित, अमित शाह बोले – 2026 से पहले खत्म होगा नक्सलवाद

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी खबर है। कभी नक्सल आतंक का गढ़ माने जाने वाले अबूझमाड़ और नॉर्थ बस्तर को अब नक्सल मुक्त घोषित कर दिया गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व की बात है कि अबूझमाड़ और नॉर्थ बस्तर जैसे इलाकों में नक्सली हिंसा पूरी तरह खत्म हो गई है।
अमित शाह ने बताया कि अब सिर्फ साउथ बस्तर में कुछ गिने-चुने नक्सली बचे हैं, जिन्हें भी जल्द खत्म कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनवरी 2024 में भाजपा सरकार बनने के बाद से अब तक 2100 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, 1785 नक्सली गिरफ्तार हुए हैं और 477 मारे गए हैं। यह दिखाता है कि 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को पूरी तरह मिटाने का लक्ष्य तेजी से पूरा हो रहा है।
नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में एक और बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को छत्तीसगढ़ में 170 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इससे पहले बुधवार को 27 नक्सलियों ने हथियार डाले थे, जबकि महाराष्ट्र में 61 नक्सलियों ने हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में वापसी की। यानी दो दिनों में कुल 258 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।
अमित शाह ने कहा कि जो नक्सली आत्मसमर्पण करना चाहते हैं, उनका सरकार स्वागत करती है, लेकिन जो हथियार उठाए रहेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने सभी नक्सलियों से अपील की कि वे हिंसा छोड़कर भारत के संविधान और विकास की मुख्यधारा में लौट आएं।





