नक्सलवाद खत्म होने की कगार पर, बस्तर जल्द होगा नक्सल मुक्त: डिप्टी सीएम अरुण साव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद अब अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है। सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से कई बड़े माओवादी नेता मारे गए हैं, वहीं सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं। नक्सल उन्मूलन में मिल रही सफलता को लेकर अब सरकार और विपक्ष के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

कांग्रेस द्वारा नक्सल उन्मूलन का श्रेय लेने के बयान पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नक्सलियों का लगातार सरेंडर होना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प का परिणाम है। राज्य सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है और बस्तर क्षेत्र के लोगों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए विकास कार्यों को तेज किया गया है।

डिप्टी सीएम साव ने कहा कि सुरक्षा बलों की सटीक रणनीति और साहसिक कार्रवाई के चलते बड़े-बड़े नक्सलियों को न्यूट्रलाइज किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले कुछ ही दिनों में बस्तर नक्सल मुक्त होगा।

कांग्रेस के रोडमैप वाले बयान पर निशाना साधते हुए अरुण साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय तक नक्सलियों से रिश्ते निभाती रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का तथाकथित रोडमैप पूरी दुनिया के सामने है, जिसके नाम पर घोटाले हुए, छत्तीसगढ़ के विकास को रोका गया और नक्सलियों को खुली छूट दी गई। अब जब सुरक्षा बलों को सफलता मिल रही है तो कांग्रेस श्रेय लेने की कोशिश कर रही है और जवानों के काम पर सवाल उठा रही है।

इस दौरान कवर्धा में धान घोटाले से जुड़े “7 करोड़ का धान चूहे खा गए” मामले पर भी उप मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस मामले की जांच करेगा और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

वहीं, ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिलने पर अरुण साव ने इसे राज्य के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार खेल और खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। खेल मंत्री मनसुख मंडाविया इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ट्राइबल गेम्स की मेजबानी से छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को सीधा लाभ मिलेगा और राज्य को नई पहचान मिलेगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई