नेशनल हेराल्ड केस: आज राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई, सोनिया-राहुल पर तय हो सकते हैं आरोप

दिल्ली। नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग केस में आज राउज एवेन्यू कोर्ट में अहम सुनवाई होगी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दाखिल चार्जशीट पर कोर्ट संज्ञान लेने का फैसला करेगा। साथ ही कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर आरोप तय किए जा सकते हैं। इससे पहले 29 जुलाई को सुनवाई टाल दी गई थी, जब अदालत ने ED से कुछ बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा था।
ED का आरोप है कि कांग्रेस नेताओं ने यंग इंडियन नामक कंपनी बनाकर एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) का अवैध अधिग्रहण किया। AJL, जो कि घाटे में चल रही थी, उसके पास 2000 करोड़ रुपए की संपत्तियां थीं। कंपनी ने कांग्रेस से 90 करोड़ का कर्ज लिया, लेकिन उसे चुकाया नहीं गया। ED के अनुसार यह लेन-देन केवल दिखावे के लिए था।
एजेंसी ने अप्रैल में 661 करोड़ की संपत्तियों को जब्त करने का नोटिस जारी किया था। साथ ही नवंबर 2023 में AJL के ₹90.2 करोड़ के शेयर भी कुर्क किए गए थे। मुंबई स्थित हेराल्ड हाउस की संपत्तियों से जुड़े किराए को भी ED के पक्ष में ट्रांसफर करने का निर्देश दिया गया है।
गौरतलब है कि जून 2022 में राहुल गांधी से 50 घंटे तक और सोनिया गांधी से जुलाई में 12 घंटे की पूछताछ हो चुकी है। यह मामला 2012 में BJP नेता सुब्रमण्यम स्वामी द्वारा दर्ज याचिका से शुरू हुआ था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस नेताओं ने केवल 50 लाख में AJL की 2000 करोड़ की संपत्तियां हथिया लीं।





