नरेश साहू आत्महत्या मामला: दबाव बढ़ते ही आरोपी सोहेल खान गिरफ्तार, देर रात पुलिस की कार्रवाई

बिलासपुर | सिटी कोतवाली: नरेश साहू आत्महत्या मामले में बढ़ते जनदबाव के बीच पुलिस ने आखिरकार कार्रवाई करते हुए आरोपी सोहेल खान को देर रात गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में फैले तनाव में कुछ कमी आई है।
मुंगेली जिले के बामपारा निवासी नरेश साहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उनकी मौत के बाद सामने आए एक वीडियो ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया। वीडियो में नरेश साहू ने सोहेल खान पर लगातार प्रताड़ना, मारपीट और धमकियां देने के आरोप लगाए थे। नरेश साहू का कहना था कि बांग्लादेशी हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में पुतला दहन करने के बाद से ही उन्हें निशाना बनाया जा रहा था।

आरोपों के बावजूद समय रहते कार्रवाई न होने से हिंदू संगठनों में भारी नाराजगी फैल गई। गुस्साए कार्यकर्ता बिलासपुर के सिटी कोतवाली चौक पर जमा हुए, नारेबाजी की और सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को साफ अल्टीमेटम दिया कि अगर सुबह 10 बजे तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस की समझाइश के बाद चक्काजाम तो हटा लिया गया, लेकिन संगठनों ने आंदोलन केवल अस्थायी रूप से स्थगित करने की बात कही।
लगातार बढ़ते दबाव और माहौल को देखते हुए पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए फरार बताए जा रहे आरोपी सोहेल खान को कोतवाली थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।





