नरेश साहू आत्महत्या मामला: हिंदू संगठनों का चक्काजाम स्थगित, कल सुबह तक गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज

बिलासपुर: नरेश साहू आत्महत्या मामले को लेकर बिलासपुर के कोतवाली चौक पर हिंदू संगठनों द्वारा किया गया चक्काजाम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हट गए, जिसके चलते यातायात व्यवस्था फिर से सामान्य हो गई।
हालांकि, संगठनों का आक्रोश अभी शांत नहीं हुआ है। आत्महत्या से पहले वायरल हुए वीडियो में लगाए गए प्रताड़ना के गंभीर आरोपों और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हिंदू संगठनों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यह आंदोलन सिर्फ अस्थायी रूप से रोका गया है।
संगठनों ने पुलिस को कल सुबह तक का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि यदि तय समयसीमा के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन आने वाले घंटे पुलिस प्रशासन के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या पुलिस समय रहते कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर पाती है या फिर शहर को एक बार फिर बड़े आंदोलन का सामना करना पड़ेगा।





