नरवणे ने पेंगुइन के हवाले से कहा— अब तक प्रकाशित नहीं हुई किताब

पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की प्रस्तावित आत्मकथा ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ को लेकर जारी विवाद के बीच प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने स्थिति स्पष्ट की है। जनरल नरवणे ने प्रकाशक के हवाले से बताया कि उनकी किताब की अब तक कोई भी प्रति प्रकाशित नहीं हुई है।
प्रकाशक की ओर से कहा गया है कि उनके पास इस किताब के प्रकाशन के विशेष अधिकार हैं, लेकिन अभी तक न तो प्रिंट और न ही डिजिटल फॉर्मेट में पुस्तक को सार्वजनिक किया गया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्री-ऑर्डर या लिस्टिंग को किताब का प्रकाशन नहीं माना जा सकता।
पेंगुइन ने चेतावनी दी है कि यदि किताब की सामग्री किसी भी रूप में बिना अनुमति के प्रसारित या साझा की जाती है, तो यह कॉपीराइट कानून का उल्लंघन होगा और इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
यह स्पष्टीकरण उस समय सामने आया है, जब सोशल मीडिया पर किताब से जुड़े कुछ कथित अंश सामने आने के बाद इसके प्रकाशित होने को लेकर सवाल उठने लगे थे।





