नागपुर: संघ मुख्यालय पहुंचे पीएम मोदी, हेडगेवार को दी श्रद्धांजलि, मोहन भागवत से की मुलाका

नागपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नागपुर दौरे पर हैं, जहां उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के मुख्यालय पहुंचकर स्मृति मंदिर में संघ के संस्थापक डॉ. केबी हेडगेवार और माधव सदाशिव गोलवलकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके साथ संघ प्रमुख मोहन भागवत भी मौजूद थे। यह पहली बार है जब प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी संघ मुख्यालय पहुंचे हैं। इससे पहले, अटल बिहारी वाजपेयी भी प्रधानमंत्री रहते हुए यहां आ चुके हैं।
RSS का शताब्दी वर्ष, संघ कार्यकर्ताओं से संवाद
RSS इस समय अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है। इस अवसर पर पीएम मोदी का संघ मुख्यालय जाना चर्चा का विषय बना हुआ है। संघ कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान उन्होंने संगठन की भूमिका पर चर्चा की।
डॉ. आंबेडकर को श्रद्धांजलि, दीक्षाभूमि का दौरा
स्मृति मंदिर में श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी का काफिला दीक्षाभूमि पहुंचा, जहां उन्होंने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह वही स्थान है जहां 1956 में डॉ. आंबेडकर ने बौद्ध धर्म की दीक्षा ली थी। ट्रस्ट ने उनके आगमन के लिए विशेष तैयारियां की थीं।
माधव नेत्रालय का शिलान्यास
पीएम मोदी ने नागपुर में माधव नेत्रालय सेंटर का भूमि पूजन किया। इस 250 बेड के अस्पताल का निर्माण 5.83 एकड़ क्षेत्र में किया जाएगा। इस दौरान संघ प्रमुख मोहन भागवत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहे।
हवाई पट्टी और रक्षा सुविधाओं का उद्घाटन
इसके बाद प्रधानमंत्री सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड की शस्त्रागार सुविधा का दौरा करने पहुंचे। यहां उन्होंने मानवरहित विमानों (UAV) के लिए 1,250 मीटर लंबी हवाई पट्टी और निर्देशित युद्ध सामग्री के परीक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। आधे घंटे तक रुकने के बाद पीएम मोदी एयरपोर्ट पहुंचे और अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।





