धमतरी के इतवारी बाजार में रहस्यमयी धमाका, लोगों में दहशत

धमतरी:शहर के इतवारी बाजार में 11 मई की रात एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना कोतवाली थाने से सिर्फ 100 मीटर की दूरी पर हुई। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी।
इस धमाके से एक लोहे का दरवाजा उखड़कर दूर जा गिरा और पास ही बने स्टोर रूम में रखी सब्जियां जल गईं। इससे करीब 15 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
सब्जी बेचने वाली उमा सोनकर ने बताया कि वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चली गई थी। देर रात उन्हें जानकारी मिली कि उनके स्टोर रूम में आग लग गई है और सब्जियां जल गई हैं। वहां पहुंचने पर देखा कि लोहे के दरवाजे टूटकर बाहर पड़े हैं।
मोहल्ले के एक निवासी मोहम्मद अमीन ने बताया कि रात को अचानक बम जैसी तेज आवाज सुनाई दी। जब सब बाहर निकले तो देखा कि दरवाजे उड़कर दूर तक गिर गए हैं।
रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि धमाका किस कारण हुआ। पुलिस इस रहस्यमयी धमाके की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।





