
Municipal body elections: (बिलासपुर) : छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के बीच कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी विजय जांगिड़ बिलासपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से खुलकर चर्चा की। उन्होंने भाजपा सरकार पर निष्पक्ष चुनाव न कराने का आरोप लगाया और प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। साथ ही, उन्होंने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल नेताओं पर कार्रवाई के संकेत दिए। जांगिड़ ने कहा कि कांग्रेस भाजपा का घमंड तोड़कर सत्ता में वापसी करेगी। कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी विजय जांगिड़ ने भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार जिस हालात में आई, उसके बाद प्रदेश की जनता एक साल की नाकामी देख चुकी है। रायपुर से लेकर बिलासपुर तक कानून व्यवस्था चरमरा गई है, जनता असुरक्षित महसूस कर रही है। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने ईवीएम पर सवाल उठाए और पूछा कि बैलेट पेपर से चुनाव क्यों नहीं कराए गए? एक ही चुनाव के लिए दो अलग-अलग मापदंड क्यों? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है।
इसके अलावा, जांगिड़ ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल नेताओं पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जो भी कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ काम कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। कांग्रेस विधायकों की गिरफ्तारी पर भी उन्होंने भाजपा सरकार को घेरा और इसे छत्तीसगढ़ सरकार की दमनकारी नीति करार दिया। जांगिड़ ने कहा कि केंद्र की एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है और कोर्ट के फैसले तक कांग्रेस अपने विधायकों के साथ खड़ी है।