मुंगेली: नौ महीने से फरार हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली जिले के लोरमी थाना पुलिस ने एक हत्या के प्रयास के मामले में 9 महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी का नाम कमल कश्यप है, जिसे मसना गांव के आसपास से पकड़ा गया।
क्या है मामला?
यह मामला पिछले साल का है, जब चंद्रकांत कश्यप ने लोकनाथ कश्यप और कमल कश्यप के खिलाफ लोरमी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 294 (गाली-गलौज), 506 (धमकी देना), 323 (मारपीट), 307 (हत्या का प्रयास) और 34 (साझे इरादे से अपराध करना) के तहत मामला दर्ज किया था।
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लोकनाथ कश्यप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन मुख्य आरोपी कमल कश्यप घटना के बाद से लगातार फरार था। पुलिस टीम उसे पकड़ने की लगातार कोशिश कर रही थी, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में एक विशेष टीम बनाई गई थी, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत छाबड़ा और एसडीओपी माधुरी धिरही का भी मार्गदर्शन शामिल था। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कमल कश्यप मसना गांव में छुपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में अपना जुर्म कुबूल किया
पूछताछ में कमल कश्यप ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पुलिस को घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद हुआ। आरोपी को बाद में न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस की इस सफलता को लेकर क्षेत्र में सराहना हो रही है। लोरमी थाना की पूरी टीम ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाने में कामयाबी पाई।